माटीकला बोर्ड अध्यक्ष ने 130 छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

प्रजापति समाज के 24वें महाकुंभ में हुआ प्रहला प्रतिभा सम्मान समारोह

0
119
कार्यक्रम में अतिथियों को सम्मानित करते समिति के पदाधिकारी।

प्रजापति मंथन : पिपल्याखेड़ा बालाजी (म.प्र.)

राजस्थान व मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित पिपलिया खेड़ा बालाजी धाम में मालवी प्रजापति समाज के 24 वें महाकुंभ का आयोजन हुआ जिसमें हजारों की संख्या में प्रजापति समाज के महिला एवं पुरुषों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष रामदयाल प्रजापति मंचासीन रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में  संत श्री रामनारायण जी महाराज, सुसनेर विधायक राणा विक्रम सिंह, अखिल भारतीय कुंभकार महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नंद लाल प्रजापति, देवी लाल प्रजापति, कुम्हार महासभा के राष्ट्रीय महासचिव बाबूलाल रेनवाल, उद्योगपति लालचंद रेडीवाल, इंजीनियर धीरेंद्र रेडीवाल, झालरापाटन से पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष मुरली मनोहर प्रजापति, संतोष बहनिया सुसनेर, झालावाड़ जिलाध्यक्ष मोहन लाल सांगरिया एवं विभिन्न समितियों के पदाधिकारी शामिल रहे।

बालाजी मंदिर प्रांगण में हुआ यह आयोजन ऐतिहासिक बन गया क्योंकि इतनी बड़ी संख्या में समाज बंधुओं का एक स्थान पर एकत्रित होना बहुत महत्वपूर्ण बात है। समिति के सीताराम प्रजापति ने बताया कि समाज का यह 24 वां महाकुंभ है। इसमें लगभग 18 हजार की संख्या रही। यहाँ प्रतिवर्ष इसी प्रकार हजारों की संख्या में समाज के लोग शामिल होते हैं।

समिति के द्वारा इस वर्ष कार्यक्रम को नवीनता प्रदान करते हुए समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में मध्यप्रदेश व राजस्थान के निकटवर्ती जिलों की 80% से अधिक अंक प्राप्त करने वाली 130 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। साथ ही राजकीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में निकाली गई कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया एवं समाज बंधुओं ने भजनों की धुनों पर नृत्य करते हुए शोभा यात्रा को भव्य बनाया। कलशयात्रा में मुख्य अतिथि रामदयाल प्रजापति  भी शामिल रहे।

समाज के बीच भोपाल से पधारे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष रामदयाल प्रजापति ने कहा कि मध्यप्रदेश में माटी कला बोर्ड के द्वारा कुम्हार समाज के कल्याण हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कुम्हार समाज के मिट्टी व्यवसाय को प्रधानमंत्री स्वरोजगार योजना से जोड़ा जा रहा है जिससे मिट्टी का व्यवसाय करने वाले लोगों को अपना व्यवसाय स्थापित करने पर 35% तक सब्सिडी प्राप्त हो सकेगी। इसके लिए कुम्हार समाज के कारीगरों के लिए माटी शिल्पी का पंजीयन कराने की प्रक्रिया चल रही है। यह कार्ड बन जाने के बाद मिट्टी कामगारों को विशेष लाभ मिल सकेगा। वर्तमान में कुम्हार समाज के समक्ष मिट्टी की सबसे बड़ी समस्या है। इसके लिए भी प्रशासन के साथ चर्चा की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कुम्हार समाज को राजनीति में अपनी संख्या के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है। इसलिए समाज को इस दिशा में विचार करना होगा और अपने अधिकारों के लिए तथा अपनी बात को विधानसभा तक पहुंचाने के लिए अपना प्रतिनिधित्व बढ़ाने पर विचार करना होगा। कार्यक्रम में पधारे क्षेत्रीय विधायक विक्रम सिंह राणा के समक्ष मिट्टी की समस्या से अवगत कराया। कुम्हार समाज के मिट्टी उत्पाद की समस्या से अवगत कराया। 

कार्यक्रम के दौरान डाॅ. वंदना प्रजापति को समिति के द्वारा सम्मानित किया गया एवं अखिल भारतीय प्रजापति महासंघ की प्रदेश उपाध्यक्षा नियुक्त किया गया।