मेधावी प्रजापति विद्यार्थियों को हर महीने 3 हजार रुपए तक छात्रवृत्ति

अधिकतम 35 विद्यार्थियों का होगा चयन; 7 सितंबर तक ई-मेल से आवेदन, 13 सितंबर को जयपुर में साक्षात्कार

0
11

प्रजापति मंथन : जयपुर | प्रजापति समाज सेवा संस्थान (रजि.) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की है। योजना के तहत राजस्थान के मूल निवासी प्रजापति (कुम्हार) समाज के अधिकतम 35 विद्यार्थियों को एक वर्ष तक प्रतिमाह अधिकतम 3 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। राशि सीधे चयनित विद्यार्थी के बैंक खाते में जमा होगी।

संस्थान के अनुसार मान्यता प्राप्त सरकारी या निजी महाविद्यालयों में मेडिकल, इंजीनियरिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में नियमित अध्ययन करने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। अकादमिक पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत अनाथ व बीपीएल वर्ग के विद्यार्थी और 10वीं या 12वीं में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी भी पात्र होंगे।

आवेदक के पिछली अंतिम परीक्षा में न्यूनतम 70 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड होना जरूरी है। परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 4 लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक परिवार से केवल एक विद्यार्थी को छात्रवृत्ति दी जाएगी।

7 सितंबर आवेदन की अंतिम तिथि

आवेदन पत्र संस्थान की वेबसाइट www.prajapatiseva.org से डाउनलोड किया जा सकता है। भरा हुआ आवेदन पत्र जरूरी दस्तावेजों के साथ prajapatisevaorg@gmail.com पर 7 सितंबर 2026 तक ई-मेल करना होगा। आवेदन की हार्डकॉपी भेजने की जरूरत नहीं है। योग्य आवेदकों का साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन 13 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से प्रजापति सभा भवन, 7 दुर्गा विहार, दुर्गापुरा, जयपुर में होगा। अभ्यर्थियों को सभी मूल दस्तावेज साथ लाने होंगे।

चयन में कम आय वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता

विद्यार्थियों का चयन परीक्षा परिणाम, पारिवारिक वार्षिक आय, पारिवारिक पृष्ठभूमि और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। समान पात्रता की स्थिति में कम आय वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता मिलेगी। गलत जानकारी या फर्जी दस्तावेज मिलने पर छात्रवृत्ति तत्काल रद्द कर दी जाएगी।

संस्थान के रिकॉर्ड के अनुसार अब तक 315 विद्यार्थियों को कुल 5.32 लाख रुपए की छात्रवृत्ति दी जा चुकी है। पढ़ाई पूरी करने के बाद सक्षम लाभार्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे बिना ब्याज कम से कम एक हजार रुपए प्रतिमाह वापस कर योजना को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।