22 जून को प्रात: 9 बजे होगा शहीद पवन प्रजापति का अंतिम संस्कार

19 जून को ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे पवन प्रजापति

0
810

प्रजापति मंथन : झालावाड़। जिले के असनावर तहसील के खेरखेड़ा निवासी शहीद पवन प्रजापति का अंतिम संस्कार 22 जून 2025 को प्रात: 9 बजे किया जायेगा। जिसको लेकर प्रशासन के द्वारा तैयारियाँ की जा रही है। ग्राम पंचायत के द्वारा रास्तों की मरम्मत एवं कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था के लिए कार्य करवाया जा रहा है।

परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेना के जवान पवन प्रजापति की पार्थिव देह को लेकर असम बॉर्डर से लेकर रवाना हो चुके है। जिनके 21 जून को सायं 6 बजे तक जयपुर पहुंचने की संभावना है। उसके बाद जयपुर में सेना के द्वारा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जायेगी। उसके बाद उनकी पार्थिव देह 22 जून को प्रात 7 बजे खेरखेड़ा पहुंचेगी।

झालावाड़ जिले का लाल एवं माँ भारती का वीर सपूत पवन प्रजापति असम बार्डर पर ड्यूटी के दौरान देश सेवा करते हुए 19 जून को शहीद हो गये। जिनकी सूचना मिलने पर परिजन वहाँ पहुंचे है और वहाँ से उनके पार्थिव देह को उनके पेतृक गाँव खेरखेड़ा लाया जा रहा है।

शहीद के अंतिम संस्कार की तैयारियों में जुटा प्रशासन

शहीद पवन प्रजापति के अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ प्रारंभ कर दी है। शमशाम भूमि के आसपास सफाई करवाई जा रही है एवं रास्तों की मरम्मत भी करवाई जा रही है। आज सुबह से ही प्रशासन मौके पर पहुंचा हुआ है। विकास अधिकारी एवं तहसीलदार के द्वारा मौके का मुआयना करके तैयारियाँ करवाई जा रही है। वीर शहीद का पुरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।

प्रात: 7 बजे असनावर से निकलेगी तिरंगा यात्रा

प्रशासन एवं क्षेत्रवासियों के सहयोग से प्रात: 7 बजे शहीद पवन प्रजापति की तिरंगा यात्रा निकाली जायेगी। तिरंगा यात्रा असनावर बस स्टेण्ड से प्रारम्भ होकर खेरखेड़ा तिराहे तक जायेगी। वहाँ से शमशाम तक ले जायेंगे। जहां पर पुरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जायेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here